68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम आवास का किया घेराव

68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम आवास का किया घेराव

आठ साल से नियुक्ति की मांग, आरक्षण में गड़बड़ी का आरोप; पुलिस से धक्का-मुक्की में एक अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ी

लखनऊ। 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग को लेकर सोमवार को अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की, जिस दौरान धक्का-मुक्की हुई। इसी बीच मनोज नाम के एक अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण के नियमों का पालन नहीं किया गया। अभ्यर्थियों ने मांग की कि संबंधित आयोगों के आदेशों के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर हिरासत में लेना शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अभद्रता करने और कपड़े फाड़ने के आरोप भी लगाए।

अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के साथ बैठक में भर्ती से जुड़ी अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया था। वहीं, प्रदर्शनकारी आशुतोष वर्मा ने कहा कि वर्ष 2018 में भर्ती के लिए आवेदन करने के बाद से अभ्यर्थी आठ वर्षों से नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के निर्देशों का पालन कर उन्हें नियुक्ति दी जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से न्याय और रोजगार की मांग को लेकर संघर्ष करना उनकी मजबूरी बन गया है।