एसआईआर में 13 लाख फॉर्म का हिसाब मांगा, संजय सिंह ने चुनाव आयोग को घेरा
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची के आंकड़ों पर उठाए सवाल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर आम आदमी पार्टी ने सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग से मतदाता सूची में शामिल किए गए नए नामों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।
संजय सिंह ने दावा किया कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 84 लाख आवेदन आए, लेकिन केवल 71 लाख फॉर्म-6 का विवरण सार्वजनिक किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि शेष 13 लाख नामों से संबंधित जानकारी कहां है और इन्हें किस आधार पर मतदाता सूची में शामिल किया गया।
आप सांसद ने कहा कि एसआईआर से पहले उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ 44 लाख मतदाता थे। उन्होंने करीब 2 करोड़ 90 लाख नाम हटाए जाने का दावा करते हुए बताया कि नाम जोड़ने के लिए 84 लाख और नाम हटाने के लिए 4 लाख 30 हजार आवेदन आने की जानकारी सामने आई है।
संजय सिंह ने मांग की कि फॉर्म-6 का विधानसभा क्षेत्र और बूथवार विवरण सार्वजनिक किया जाए, ताकि राजनीतिक दल मतदाता सूची की जांच कर सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से भी इस मामले में जवाब मांगा। साथ ही भाजपा पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की तैयारी करने का आरोप लगाया।
