बिजनौर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार

बिजनौर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार

14 वर्षीय किशोरी से दुराचार के आरोप में कार्रवाई, मध्य प्रदेश का रहने वाला है आरोपी

लखनऊ। बिजनौर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी से दुराचार के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान लल्लन बसोर (करीब 40 वर्ष) पुत्र रामप्यारे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में कल्प सिटी के पास झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को किशोरी के पिता ने शिकायत देकर आरोप लगाया था कि आरोपी ने उनकी 14 वर्षीय बेटी के साथ दुराचार किया। शिकायत के आधार पर थाना बिजनौर में मुकदमा संख्या 274/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर दो टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से 9 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन के अंतर्गत बिजनौर थाना पुलिस ने की।