बारूदखाना में अपार्टमेंट का पिलर फटा, दहशत में लोग
S.A. अपार्टमेंट के झुकने की सूचना से मचा हड़कंप, आसपास की इमारतें खाली कराने में जुटा प्रशासन
लखनऊ। राजधानी के वजीरगंज थाना क्षेत्र के बारूदखाना इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब S.A. अपार्टमेंट के एक पिलर में दरार पड़ने के साथ वह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसके बाद बिल्डिंग के झुकने की स्थिति सामने आई, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए आसपास की इमारतों को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की गई। अपार्टमेंट के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को घेर लिया। मौके पर पुलिस फोर्स के साथ जिलाधिकारी भी मौजूद रहे।
मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम
प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। किसी तरह की अनहोनी से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों की निगरानी में आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
फिलहाल अपार्टमेंट के पिलर के क्षतिग्रस्त होने और बिल्डिंग के झुकने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
बहुमंजिला इमारतों के निर्माण पर उठे सवाल
घटना के बाद रिहायशी इलाके में बहुमंजिला इमारतों के निर्माण और उनकी सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण के दौरान संबंधित विभागों की ओर से समय-समय पर निरीक्षण और निर्माण मानकों की जांच जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने सवाल किया कि यदि किसी इमारत में निर्माण या संरचनात्मक समस्या होती है तो उसका समय रहते पता क्यों नहीं चलता? लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना संवेदनशील इलाकों में बनी बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण मानकों की जांच की जानी चाहिए।
सत्ता की शान संवाददाता: फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बिल्डिंग के झुकने और पिलर क्षतिग्रस्त होने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।


