इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का मेलोनी ने रचा इतिहास, मोदी ने दी बधाई

सत्ता की शान)
शुक्रवार 04 सितम्बर । नई दिल्ली। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने देश के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकार्ड कायम कर नया इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मित्र मेलोनी को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की जमकर सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर संदेश जारी कर कहा कि मेलोनी की यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली की जनता के अटूट विश्वास और भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में मेलोनी की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मेलोनी का अहम योगदान रहा है। उन्होंने भारत और इटली के नागरिकों के लिए समृद्ध भविष्य बनाने की दिशा में दोनों देशों के बीच करीबी सहयोग जारी रखने की इच्छा जताई।जियोर्जिया मेलोनी की सरकार ने 1,413 लगातार दिन पूरे कर इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार चलने वाली सरकार का रिकार्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकार्ड पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार के नाम था, जिसने 2001 से 2005 के बीच 1,412 दिन तक लगातार शासन किया था।


इटली के लिए यह उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद करीब 80 वर्षों में देश में 68 अलग-अलग सरकारें बन चुकी हैं। ऐसे में किसी सरकार का लंबे समय तक स्थिर रहना इटली की राजनीति में बड़ी उपलब्धि माना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी की बधाई को भारत और इटली के मजबूत होते रिश्तों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और राजनयिक सहयोग को आगे बढ़ाने में मेलोनी सरकार के साथ भारत के रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आने वाले वर्षों में इस साझेदारी को और मजबूती देने की उम्मीद जताई है।मेलोनी ने कहा कि उनकी सरकार ने रोजगार बढ़ाने, बेरोजगारी कम करने, परिवारों और कारोबारों को सहायता देने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सार्वजनिक वित्त का जिम्मेदारी से प्रबंधन करने तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर इटली की भूमिका और विश्वसनीयता मजबूत करने के लिए काम किया है।जियोर्जिया मेलोनी ने अक्टूबर 2022 में इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। रिकार्ड बनने के बाद मेलोनी ने इटली की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि 2022 में जनता ने जिस भरोसे के साथ उनकी सरकार को जनादेश दिया था, उसी विश्वास ने सरकार को स्थिरता प्रदान की है।