मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर जन्माष्टमी की दीं शुभकामनाएं ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर जन्माष्टमी की दीं शुभकामनाएं ।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारी सरकार की आस्था भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की आस्था बाबर और औरंगजेब में है, क्या वे सनातन की आस्था का सम्मान कर पाएंगे? उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज में जहर घोलने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों के मंसूबों को सरकार कभी सफल नहीं होने देगी। योगी ने कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनना कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा और वे अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मथुरा-वृंदावन में भी अयोध्या और काशी की तर्ज पर भव्य परिसर विकसित किया जाए। योगी ने कहा कि ब्रजभूमि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। सरकार ब्रजवासियों की भावनाओं के अनुरूप ब्रजभूमि को संवारने और मथुरा-वृंदावन के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम हुए। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं से पूरा ब्रज क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। मंदिर परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठे।