बारिश और आपदा का कहर: हिमाचल में लैंडस्लाइड से 13 की मौत, गुजरात-यूपी में बाढ़ से जनजीवन बेहाल

बारिश और आपदा का कहर: हिमाचल में लैंडस्लाइड से 13 की मौत, गुजरात-यूपी में बाढ़ से जनजीवन बेहाल
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड, गुजरात में बाढ़ और उत्तर प्रदेश में उफनाती नदियों के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास हुए भीषण भूस्खलन की चपेट में एक टाटा सूमो टैक्सी आ गई। वाहन में 15 लोग सवार थे, जिनमें से 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया।
गुजरात में मूसलाधार बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वलसाड जिले के उमरगाम में 16 घंटे के भीतर 43 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे निचले इलाके जलमग्न हो गए। नवसारी में बाढ़ में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित निकाला गया। अहमदाबाद और सूरत में भी जलभराव से जनजीवन प्रभावित रहा, जबकि वाव-थराद क्षेत्र के बाजार पानी में डूब गए।
उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा, यमुना समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान के आसपास या उससे ऊपर बह रही हैं। सीतापुर सहित कई जिलों में सड़कें पानी में डूब गई हैं और ग्रामीण नाव के सहारे आवाजाही करने को मजबूर हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।