मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव: हूती विद्रोहियों का सऊदी एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला
रियाद/सना। मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर गहरा गया है। यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करने का दावा किया है। संगठन के प्रवक्ता याहिया सारी ने कहा कि यह हमला यमन के सना एयरपोर्ट और अन्य इलाकों पर हुए हालिया हवाई हमलों के जवाब में किया गया। उन्होंने दावा किया कि सभी मिसाइलों ने अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक निशाना बनाया।
हमले के बाद एयरपोर्ट परिसर में आग और धुएं के गुबार की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, सऊदी प्रशासन की ओर से नुकसान और हताहतों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। आभा एयरपोर्ट यमन सीमा के निकट स्थित होने के कारण पहले भी कई बार हूती हमलों का निशाना बन चुका है।
हूती विद्रोहियों ने चेतावनी दी है कि यदि यमन पर सैन्य कार्रवाई जारी रही तो सऊदी अरब के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर हमले और तेज किए जाएंगे। जानकारों का मानना है कि यह हमला केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि क्षेत्रीय शक्ति संतुलन को लेकर एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी है।
उधर, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच भी बयानबाजी तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद ईरान ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज के प्रबंधन में किसी भी अमेरिकी हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं किया जाएगा। बढ़ते तनाव के बीच पूरी दुनिया की नजरें सऊदी अरब की संभावित जवाबी कार्रवाई और क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर टिकी हैं।
