हजरतगंज में ब्यूटी पार्लर में भीषण आग, दो लोगों को दमकलकर्मियों ने बचाया

हजरतगंज में ब्यूटी पार्लर में भीषण आग, दो लोगों को दमकलकर्मियों ने बचाया
लखनऊ। हजरतगंज के गौतमपल्ली थाना क्षेत्र स्थित क्रिश्चियन कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक ब्यूटी पार्लर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

आग भूतल पर स्थित ब्यूटी पार्लर में लगी थी, जबकि भवन के ऊपरी दो तल आवासीय थे। आग से निकले घने धुएं के कारण हफीज उल्ला और शादाब खान छत पर फंस गए। दमकलकर्मियों ने तत्काल सीढ़ी लगाकर दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार सुबह 5:42 बजे फायर कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद हजरतगंज से तीन फायर टेंडर और चौक फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से पार्लर में रखा फर्नीचर, मशीनें और अन्य सामान जलकर राख हो गया। पार्लर का संचालन दीपिका राठौड़ द्वारा किया जाता है।
हालांकि समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।