अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी एयर स्ट्राइक के बाद बढ़ा तनाव, तालिबान ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी एयर स्ट्राइक के बाद बढ़ा तनाव, तालिबान ने दी कड़ी प्रतिक्रियाअ
काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में किए गए हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। तालिबान प्रशासन ने दावा किया है कि इन हमलों में 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं। कई अन्य लोग घायल हुए हैं तथा दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
तालिबान सरकार ने पाकिस्तान की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे निर्दोष नागरिकों पर हमला बताया है। वहीं पाकिस्तान का कहना है कि उसने आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि नागरिकों की मौत के बाद पाकिस्तान की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारों के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले कई महीनों से तनाव बना हुआ है। पाकिस्तान लगातार आरोप लगाता रहा है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लड़ाके अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल कर रहे हैं। दूसरी ओर तालिबान सरकार इन आरोपों को खारिज करती रही है।
हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के रिश्तों में और तल्खी आ गई है। तालिबान ने चेतावनी दी है कि वह अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा। क्षेत्रीय विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात जल्द नहीं संभले तो यह विवाद पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और दोनों देशों से संयम बरतने तथा बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील कर रहा है। :::