इंडिया गठबंधन में नहीं है कोई ताकत, इसलिए होगा असफल : ओम प्रकाश राजभर
नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस गठबंधन में कोई ताकत नहीं है और यही कारण है कि यह असफल साबित होगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दलों का प्रभाव केवल अपने-अपने राज्यों तक सीमित है।
राजभर ने कहा कि ममता बनर्जी का उत्तर प्रदेश में कोई जनाधार नहीं है और कांग्रेस भी मजबूत स्थिति में नहीं है। ऐसे में अलग-अलग राज्यों के क्षेत्रीय दल एक साथ आकर भी कोई बड़ी राजनीतिक ताकत नहीं बन सकते।
गौरतलब है कि इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक 8 जून को नई दिल्ली में प्रस्तावित है। बैठक में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी के शामिल होने की संभावना है। यह बैठक हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के बाद बुलाई गई है।
इस बीच पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस नेताओं पर कथित हमलों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कोलकाता में ममता बनर्जी ने पार्टी नेताओं के साथ विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को डराने तथा पार्टी की संगठनात्मक शक्ति को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
ममता बनर्जी ने हाल की घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं पर हमला लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि घायल नेताओं को समय पर इलाज तक उपलब्ध नहीं कराया गया, जो बेहद चिंताजनक और तानाशाही रवैये का परिचायक है।

