लखनऊ, 16 मई 2026 नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने आज मऊ पहुंचकर प्रधानमंत्री जन विकास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित सद्भाव मंडप, हकीकतपुर मऊ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मंत्री जी ने कहा कि सद्भाव मंडप का निर्माण उन क्षेत्रों में कराया जाता है जहां अल्पसंख्यक समुदाय की संख्या अधिक होती है, ताकि क्षेत्रीय लोगों को सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह भवन बहुउद्देशीय उपयोग के लिए तैयार किया गया है, जहां शादी-विवाह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन एवं सामुदायिक बैठकों जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इसके निर्माण से क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा तथा सामाजिक सद्भाव को भी बढ़ावा मिलेगा।
सद्भाव मंडप के लोकार्पण को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित नागरिकों ने कहा कि मंत्री जी जब भी मऊ आते हैं, जनपद को कोई न कोई नई सौगात अवश्य देते हैं तथा क्षेत्र के विकास के प्रति हमेशा तत्पर रहते हैं।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी (ईओ) नगर पालिका मऊ, जिले के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


