लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र स्थित सीमा सिटी में बीटेक फाइनल ईयर की छात्रा का शव किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतका की पहचान अयोध्या के रौनही थाना क्षेत्र के कटरौली गांव निवासी 25 वर्षीय वैष्णवी यादव के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से सीमा सिटी में किराए के मकान में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। साथ ही एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में वर्क फ्रॉम होम भी कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर पड़ोसी और सहकर्मी उदित ने वैष्णवी को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। इस पर वह उसके कमरे पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने धक्का देकर दरवाजा खोला। अंदर वैष्णवी का शव पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के पिता अमर बहादुर यादव ने घटना पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि कमरे की कुंडी टूटी नहीं थी और पंखा इतनी ऊंचाई पर है कि कुर्सी लगाकर भी वहां दुपट्टा बांधना संभव नहीं लगता। उन्होंने उदित पर हत्या का शक जताया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैष्णवी की शादी तय हो चुकी थी, लेकिन वह इस रिश्ते से संतुष्ट नहीं थी। आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बिजनौर पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
बीटेक छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
