इस्लामाबाद। अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री Abbas Araghchi अब्बास अराघची पाकिस्तान पहुंचे, जहां उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख Asim Munir फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, द्विपक्षीय संबंधों और पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
अराघची की यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक गतिरोध गहराता जा रहा है। उनकी इस्लामाबाद यात्रा को देखते हुए राजधानी में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई। मुख्य सड़कों को सील कर दिया गया, जबकि अत्यधिक संवेदनशील रेड ज़ोन को सुरक्षा बलों ने पूरी तरह अपने घेरे में ले लिया।
इस बीच, पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री Ishaq Dar इशाक डार ने सोशल मीडिया पर अराघची का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें अपने “भाई” का इस्लामाबाद में स्वागत कर प्रसन्नता हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच होने वाली बातचीत क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सहयोग को नई दिशा देगी।
गौरतलब है कि White House व्हाइट हाउस ने हाल ही में संकेत दिया था कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी ईरान के साथ संभावित वार्ता के लिए क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं। ऐसे में अराघची की पाकिस्तान यात्रा को वैश्विक कूटनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमेरिका-ईरान तनातनी के बीच पाकिस्तान पहुंचे अराघची, आसिम मुनीर से की अहम वार्ता
