इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेल कर छात्रा से दुष्कर्म

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेल कर छात्रा से दुष्कर्म
लखनऊ। राजधानी में यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद युवक ने युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें हासिल कर लीं। बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया और 35 हजार रुपये भी ऐंठ लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता के पिता की तहरीर पर आगरा निवासी अमित कुमार के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी आगरा के गढ़सान क्षेत्र का निवासी है और हैंडीक्राफ्ट का कारोबार करता है।
पुलिस के मुताबिक, करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी की पहचान युवती से हुई थी। इस दौरान उसने विश्वास में लेकर युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें हासिल कर लीं। इसके बाद वह लगातार तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा।
आरोप है कि 21 अप्रैल को आरोपी युवती के लखनऊ स्थित फ्लैट पर पहुंचा। वहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। युवती के अचेत होने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
घटना के अगले दिन रात करीब दो बजे पीड़िता ने अपने पिता को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने हुसैनगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।