ईरान ने फिर से होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया

वॉशिंगटन डीसी. ईरान ने फिर से होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया है। इसे शुक्रवार को खोला गया था, लेकिन अब इस समुद्री रास्ते पर पाबंदियां लगा दी गई हैं।

ईरान—मिडिल ईस्ट से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ लेता दिख रहा है। ईरान ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक, होर्मुज स्ट्रेट पर फिर से पाबंदियां लगा दी हैं। बता दें कि इस स्ट्रेट को हाल ही में शुक्रवार को खोला गया था, लेकिन अब दोबारा इसे सेना के कंट्रोल में ले लिया गया है। ईरान का कहना है कि उसने अमेरिका के साथ बातचीत के बाद भरोसा दिखाते हुए कुछ तेल और मालवाहक जहाजों को गुजरने की इजाजत दी थी। लेकिन आरोप है कि अमेरिका ने अपने वादे पूरे नहीं किए और नाकेबंदी के नाम पर जहाजों के साथ सख्ती जारी रखी। ईरान ने इसे सीजफायर समझौते का उल्लंघन बताया है। तेहरान की तरफ से साफ चेतावनी दी गई है कि जब तक उसके बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नाकेबंदी नहीं हटती, तब तक होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह सेना के नियंत्रण में रहेगी। वहीं, अमेरिका ने भी अपना रुख सख्त कर लिया है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने साफ कहा है कि जब तक ईरान अमेरिका के साथ व्यापक समझौता नहीं करता, तब तक नाकेबंदी जारी रहेगी। ट्रम्प ने यह भी दावा किया है कि अमेरिका हर हाल में ईरान के पास मौजूद एनरिच्ड यूरेनियम को अपने नियंत्रण में लेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बातचीत से बात नहीं बनी, तो अमेरिका सख्त कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगा। कुल मिलाकर, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक बार फिर वैश्विक तनाव बढ़ गया है, जिसका असर दुनिया भर के तेल व्यापार और अंतरराष्ट्रीय बाजार पर पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या कूटनीतिक स्तर पर कोई समाधान निकल पाएगा या हालात और बिगड़ेंगे।