लखनऊ में दबंगों का कहर: गेमिंग कैफे में घुसकर युवक की पिटाई, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी

लखनऊ में दबंगों का कहर: गेमिंग कैफे में घुसकर युवक की पिटाई, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी
लखनऊ। राजधानी के थाना चाौक क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक गेमिंग कैफे संचालक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित मो0 सैम पुत्र मो0 सिराज, निवासी 422/104 तोप दरवाजा दरगाह, लखनऊ, ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि तम्बाकू मंडी स्थित उसके गेमिंग कैफे पर शनिवार शाम करीब 7:30 बजे वह मौजूद था। तभी अचानक जब्बार, अरमान, शारूक और उनके साथ 4-5 अज्ञात लोग कैफे में घुस आए।
आरोप है कि सभी लोग जोर-जोर से चिल्लाते हुए “सैम कौन है” पूछने लगे। जैसे ही सैम सामने आया, आरोपियों ने उसे घेरकर बुरी तरह मारना-पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उसे कैफे के अंदर खींचकर भी पीटा गया और वहां जमकर तोड़फोड़ की गई।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने खुद को इलाके का दबंग बताते हुए धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो उसे और मारा जाएगा, यहां तक कि कैफे में आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस हमले में सैम के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह काफी डरा-सहमा हुआ है।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 191, 324, 115 और 351 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।