लखनऊ में एसटीएफ की कार्रवाई ट्रक से 200 किलो गांजा किया बरामद, चालक गिरफ्तार…
(सत्ता की शान)
मंगलवार 31 मार्च । लखनऊ सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 200 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 52 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य फरार हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि एसटीएफ को बीते कुछ दिनों से विभिन्न राज्यों के बीच सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह की सूचना मिल रही थी। इसी के आधार पर टीम लगातार निगरानी कर रही थी।
सूचना के अनुसार, ओडिशा से गांजा लदा ट्रक सुलतानपुर रोड के रास्ते लखनऊ पहुंचने वाला था। तस्करों की योजना एचसीएल के पास सर्विस लेन में सुनसान स्थान पर गांजा उतारने की थी। पुख्ता सूचना पर एसटीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में बनाई गई गुप्त कैविटी से करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान बिहार के नालंदा निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है। एसटीएफ अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा
लखनऊ में एसटीएफ की कार्रवाई ट्रक से 200 किलो गांजा किया बरामद, चालक गिरफ्तार
