मतदाता सूची में अपना नाम जल्द दर्ज कराएं मौलाना खालिद रशीद

मतदाता सूची में अपना नाम जल्द दर्ज कराएं मौलाना खालिद रशीद

6 फरवरी से पहले बीएलओ से संपर्क करें

लखनऊ, 11 जनवरी इमाम ईदगाह लखनऊ एवं इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने अपने एक बयान में कहा कि जैसा कि आप सभी जानते हैं, भारत निर्वाचन आयोग ने 6 जनवरी को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत वर्ष 2026 की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले मतदाताओं की कुल संख्या 15.44 करोड़ थी, जबकि 6 जनवरी को प्रकाशित ड्राफ्ट सूची के अनुसार विभिन्न कारणों से लगभग 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं।

ऐसे सभी मतदाता जिनका नाम वर्ष 2025 की मतदाता सूची में मौजूद था, लेकिन किसी कारणवश वे फॉर्म जमा नहीं कर सके, या जिन्होंने फॉर्म तो जमा कर दिया था लेकिन इसके बावजूद उनका नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हुआ है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मतदाताओं को बिना किसी देरी के अपने संबंधित क्षेत्र के बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), किसी राजनीतिक दल के एजेंट, स्थानीय पार्षद या जिम्मेदार व्यक्तियों से संपर्क करना चाहिए।

मौलाना ने कहा कि मतदाताओं को अपनी जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में कोई एक वैध दस्तावेज अपने पास रखना चाहिए। बीएलओ उनसे फॉर्म नंबर 6 भरवाकर, संबंधित दस्तावेज की प्रति के साथ निर्वाचन कार्यालय में जमा कराएंगे, जिसके परिणामस्वरूप उनका नाम अंतिम मतदाता सूची (Final List) में शामिल कर लिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि यह प्रक्रिया ऑनलाइन भी पूरी की जा सकती है। यह ध्यान रखना आवश्यक है कि यह पूरा कार्य 6 फरवरी से पहले संपन्न होना अत्यंत आवश्यक है। अपने बयान में उन्होंने बताया कि ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट

voters-eci-gov-in या Voter Helpline App का उपयोग किया जा सकता है।