औकाफ का पंजीकरण उम्मीद पोर्टल पर जल्द कराएँ: मौलाना खालिद रशीद इस्लामिक सेंटर में “वकफ हेल्प डेस्क” की स्थापना

औकाफ का पंजीकरण उम्मीद पोर्टल पर जल्द कराएँ: मौलाना खालिद रशीद इस्लामिक सेंटर में “वकफ हेल्प डेस्क” की स्थापना

लखनऊ, 6 अक्टूबर। औकाफ का पंजीकरण ‘उम्मीद पोर्टल पर निर्धारित तिथि के भीतर प्राथमिकता के आधार पर कराएँ। हमारे उत्तर प्रदेश में सवा लाख से अधिक औकाफ वकफ बोर्ड में रजिस्टर्ड हैं। इन सभी का पंजीकरण उम्मीद पोर्टल पर कराना अनिवार्य है। इसकी अंतिम तिथि 5 दिसंबर 2025 तय की गई है। यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरा है। इसलिए आवश्यक है कि हम इसे एक धार्मिक जिम्मेदारी समझते हुए गंभीरता और संगठित तरीके से सभी औकाफ का पंजीकरण कराएँ।

इन ख्यालात का इजहार चेयरमैन इस्लामिक सेन्टर आफ इण्डिया मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली इमाम ईदगाह लखनऊ ने किया। वह इस्लामिक सेंटर में उम्मीद पोर्टल पर औकाफ का पंजीकरण विषय पर आयोजित वर्कशाप का उद्घाटन कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत कारी कमरुद्दीन अध्यापक दारुल उलूम फरंगी महल की तिलावत-ए-कुरआन से हुई। इसके बाद उन्होंने बारगाह-ए-रिसालत में नात शरीफ पेश की। संचालन यूपी सुन्नी सेंट्रल वकफ बोर्ड के ऑफिस सुपरिटेंडेंट सैयद काशिफ अफजाल ने किया।

मौलाना फरंगी महली ने अपने संबोधन में वकफ की शरीयत में अहमियत और इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नबी पाक सल्ल० ने अपने सात बाग अल्लाह की राह में वकफ किए थे। इसके बाद खुलफा-ए-राशिदीन और अन्य सहाबा-ए-किराम ने भी अपनी जायदादें अल्लाह की राह में वकफ कीं। मौलाना ने कहा कि अल्लाह की रजा हासिल करने के लिए मुसलमान अपनी संपत्ति वकफ करते हैं ताकि उन्हें आखरित में इसका सवाब मिले।

उन्होने सरकार से मांग की कि पंजीकरण की अंतिम तिथि में कम से कम दो वर्ष की बढ़ोतरी की जाए ताकि सभी औकाफ आसानी से पोर्टल पर रजिस्टर्ड हो सकें। उन्होंने मुतवल्लियों और जिम्मेदारों से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी और सावधानी से अपने वकफ की सभी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें।

वर्कशाप में सैयद काशिफ अफजाल ने प्रोजेक्टर के माध्यम से पावर प्रिजिन्टेशन के जरिये उम्मीद पोर्टल के नियम, प्रक्रिया और कॉलम्स की जानकारी दी तथा मुतवल्लियों को इसके उपयोग की विधि समझाई। कार्यशाला के अंत में हफीजुर्रहमान असिस्टेंट सेक्रेटरी, यूपी सुन्नी सेंट्रल वकफ बोड, एजाज अहमद एक्जीक्यूटिव ऑफिसर, वकफ बोर्ड ने प्रतिभागियों के प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए।

इस अवसर पर मौलाना खालिद रशीद ने घोषणा की कि 7 अक्टूबर 2025 से इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, ईदगाह लखनऊ में एक वकफ हेल्प डेस्क की स्थापना की जा रही है, जो प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्य करेगी। वर्कशाप में लखनऊ, रामपुर, बाराबंकी, सीतापुर, गोंडा और अन्य जिलों के मुतवल्ली, औकाफ के जिम्मेदार, उलेमा, इमाम और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मेहमानों का शुक्रिया मौलाना नईमुर्रहमान सिद्दीकी सदस्य, उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वकफ बोड ने अदा किया।