(सत्ता की शान)
कन्नौज,31 दिसम्बर। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग तो भाजपा की आदत सी हो गई है। जहां पर चुनाव होता है, वहां पर छापा मारने की कार्रवाई चालू कर देती है।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पूर्व निर्धारित प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों के यहां पर छापे तय थे। उन्होंने भाजपा पर सरकारी विभाग के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले भाजपा के लोग, सौहार्द की सुगंध को कैसे पसंद करेंगे। ये समाजवादी इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन को ढूंढने गए थे और उन्होंने अपने ही साथी पीयूष जैन को ढूंढ निकाला। अब अपनी खीझ मिटाने के लिए समाजवादी इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन के यहां छापा मारा है और इनके साथ कई और भी लपेटे में आ गए हैं क्योंकि भाजपा को दिखाना है कि हम निष्पक्ष हैं।उन्होंने कहा कि कन्नौज तथा पास का क्षेत्र समाजवादी पार्टी का गढ़ है। भाजपा का प्रयास यहां पर लोगों को परेशान करने की है। यहां पर इत्र का व्यापार सैकड़ों वर्ष पुराना है। इससे लोगों को रोजगार तथा व्यवसाय मिल रहा है। लाखों लोग इससे जुड़े हैं। हमने यहां पर परफ्यूम पार्क बनवाने की योजना बनाने के साथ इसको अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर लाने का था। भाजपा सरकार का प्रयास कन्नौज को उपेक्षित करने का है। यहां पर छापे इसी कारण मारे जा रहे हैं। कन्नौज में काऊ मिल्क का प्लांट भी भाजपा ने बरबाद कर दिया है।