योगी सरकार के दूसरे बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार में सात नए चेहरों को मिली जगह

26 september  योगी सरकार का गठन 19 मार्च 2017 को हुआ था। पहला मंत्रिमंडल विस्तार 21 अगस्त 2019 को हुआ था। पहले विस्तार के बाद मंत्रिमंडल में मंत्रियों की कुल संख्या 56 थी। मंत्रिमंडल के पहले विस्तार के बाद कोरोना संक्रमण से पिछले साल कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण व चेतन चौहान तथा इस वर्ष राज्य मंत्री विजय कश्यप का निधन हुआ था। तीन मंत्रियों के निधन के बाद मंत्रिमंडल में कुल 53 सदस्य रह गए थे।      योगी सरकार के दूसरे बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार में सात नए चेहरों को जगह मिली है। इनमें एक कैबिनेट मंत्री और छह राज्य मंत्री शामिल हैं। रविवार शाम राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री तथा छत्रपाल सिंह गंगवार, पल्टू राम, डा. संगीता बलवंत, संजीव कुमार, दिनेश खटीक और धर्मवीर प्रजापति को राज्य मंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए मंत्रियों को मिलाकर टीम योगी में कुल 60 सदस्य हो गए हैं जो मंत्रिमंडल की अधिकतम संख्या है। इनमें 24 कैबिनेट मंत्री, नौ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 27 राज्य मंत्री हैं। इनमें चार महिला मंत्री शामिल हैं।