गाजा के लिए भारत ने बुलंद की आवाज, 50 देशों के साथ मानवीय सहायता की मांग का किया समर्थन
सर्दियों में महिलाओं और बच्चों तक राहत पहुंचाने पर जोर, पश्चिम एशिया में स्थायी शांति के लिए नए प्रयासों की पैरवी
संयुक्त राष्ट्र, 13 नवंबर। गाजा में मानवीय संकट के बीच भारत ने एक बार फिर आम नागरिकों की सुरक्षा और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाया है। सर्दियों के मौसम की शुरुआत को देखते हुए भारत ने गाजा में सुरक्षित, निर्बाध और लगातार मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग का समर्थन किया है। भारत उन 50 सदस्य देशों में शामिल है, जिन्होंने इस दिशा में सामूहिक अपील की है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत योजना पटेल ने बृहस्पतिवार को आयोजित मीडिया संवाद में भारत का प्रतिनिधित्व किया। जॉर्डन, कतर और ब्रिटेन की अगुवाई में हुए इस संवाद में 50 देशों के राजदूतों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य गाजा में स्वास्थ्य सेवाओं और मानवीय राहत सामग्री की पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता को रेखांकित करना था।
भारत के स्थायी मिशन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि सर्दियों के दौरान गाजा के आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और बच्चों तक सुरक्षित और बिना किसी बाधा के सहायता पहुंचना बेहद आवश्यक है।

भारत ने अपने वक्तव्य में नागरिकों की सुरक्षा तथा अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान को भी महत्वपूर्ण बताया। नई दिल्ली ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में केवल तत्काल राहत पहुंचाना ही नहीं, बल्कि स्थायी शांति और स्थिरता कायम करने के लिए भी नए सिरे से गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए।
गौरतलब है कि गाजा में मानवीय सहायता और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। ऐसे में भारत का यह समर्थन नागरिकों के जीवन की रक्षा, मानवीय सहायता की निर्बाध आपूर्ति और पश्चिम एशिया में दीर्घकालिक शांति की जरूरत पर उसके रुख को सामने रखता है।
