68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का ईको गार्डन में 72 दिनों से धरना, भाई दूज भी धरना स्थल पर बनाया,

सत्ता की शान
बुघवार 11 नवम्बर। लखनऊ। राजधानी के ईको गार्डन में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। नियुक्ति की मांग को लेकर पिछले 72 दिनों से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने भाई दूज का त्योहार भी धरनास्थल पर ही मनाया। घर नहीं जा पाने के कारण अभ्यर्थियों ने वीडियो काल के जरिए अपनी बहनों और परिजनों से बातचीत कर त्योहार मनाया। वहीं, मांगों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है।

अभ्यर्थियों ने साफ ऐलान किया है कि जब तक नियुक्ति नहीं मिलती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी नवीन चैधरी ने बताया कि वह मुरादाबाद से आए हैं और करीब तीन महीने से घर-परिवार छोड़कर ईको गार्डन में रह रहे हैं। रक्षाबंधन, दशहरा और दिवाली के बाद अब भाई दूज भी धरनास्थल पर ही मनानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि बूढ़े माता-पिता को अकेला छोड़कर यहां रहना उनकी मजबूरी है। जब मां-बाप फोन कर पूछते हैं कि घर कब आओगे और नौकरी कब मिलेगी, तो उनके पास कोई जवाब नहीं होता। सिर्फ आंखों से आंसू निकलते हैं। उन्होंने कहा कि अब फैसला कर लिया है कि या तो नियुक्ति लेकर उठेंगे या फिर कफन में जाएंगे। नियुक्ति या मुक्ति, इससे कम पर समझौता नहीं होगा। वहीं, अभ्यर्थी आशुतोष ने बताया कि दशहरा, दिवाली और भाई दूज जैसे त्योहार वीडियो काल के जरिए ही मनाने पड़े। परिवार से संपर्क का अब यही एकमात्र सहारा बचा है। नौकरी के संघर्ष ने उन्हें परिवार और त्योहारों से दूर कर दिया है।अभ्यर्थियों का कहना है कि त्योहारों के मौके पर परिवार से दूर धरना देना बेहद पीड़ादायक है, लेकिन वर्षों से लंबित नियुक्ति की मांग को लेकर उनके पास आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांग पूरी होने तक धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी।