धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, हजरतगंज थाने में दी शिकायत
श्रीकृष्ण को लेकर कथित टिप्पणी से नाराज मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की उठाई मांग
लखनऊ। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की कथित टिप्पणी को लेकर राजधानी में राजनीतिक विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को समाजवादी पार्टी की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज थाने पहुंचकर उनके खिलाफ लिखित शिकायत दी। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
शिकायत लेकर पहुंचे मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव प्रवेश यादव ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, बांसुरी वादन और उनके नाम को लेकर ऐसी बातें कही हैं, जिन्हें धार्मिक दृष्टि से आपत्तिजनक माना जा रहा है। उनका कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण की तुलना भगवान श्रीराम से करते हुए की गई टिप्पणी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रवेश यादव ने अपनी शिकायत में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम दोनों ही सनातन परंपरा के पूजनीय आराध्य हैं। दोनों का जीवन, आदर्श और धार्मिक महत्व अलग-अलग है। किसी एक की प्रशंसा के लिए दूसरे के स्वरूप पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, धर्म, न्याय और नीति का संदेश देता है। ऐसे में उनके व्यक्तित्व को लेकर कथित तौर पर की गई टिप्पणी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत पर संज्ञान लेने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। साथ ही धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।
अब पुलिस की कार्रवाई पर निगाहें
मामले को लेकर अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

