सत्ता की शान
बुघवार 11 नवम्बर। नई दिल्ली। महंगाई की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अब दूध खरीदने के लिए अपनी जेब और ढीली करनी होगी। प्रमुख डेयरी कंपनी मदर डेयरी ने अपने लिक्विड मिल्क की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अलग-अलग श्रेणियों के दूध पर प्रति लीटर 2 से 4 रुपये तक की वृद्धि की गई है। कंपनी की नई दरें 12 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। कीमतों में इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर फुल क्रीम दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
पहले 72 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला फुल क्रीम दूध अब 76 रुपये में मिलेगा। वहीं, पैकेट वाले टोन्ड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। डबल टोन्ड दूध भी 54 रुपये के बजाय अब 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय के दूध के दाम में भी 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसकी नई कीमत 65 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है। इसके अलावा बल्क में मिलने वाले टोन्ड दूध के लिए अब ग्राहकों को 58 रुपये की जगह 60 रुपये चुकाने होंगे। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे किसानों से दूध खरीदने की लागत में इजाफे को प्रमुख कारण बताया गया है। कंपनी का कहना है कि दूध की खरीद पर बढ़ते खर्च का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं तक पहुंचाना जरूरी हो गया था। मदर डेयरी अपनी दूध बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान के रूप में देती है। दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी का बड़ा वितरण नेटवर्क है। कंपनी अपने बूथों, दुकानों और आनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है। देशभर में इसकी रोजाना बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक बताई गई है। ऐसे में कीमतों में हुआ यह बदलाव बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की जेब पर असर डाल सकता है। दूध रोजमर्रा की जरूरत का हिस्सा है और अधिकांश परिवारों में इसकी नियमित खपत होती है। ऐसे में नई दरें लागू होने के बाद महीने के राशन बजट में भी इजाफा होना तय है।
