लखनऊ। राजधानी में बड़े मंगल के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। ज्येष्ठ मास के अधिकमास के चलते इस वर्ष आठ बड़े मंगल पड़ रहे हैं। मंगलवार को पांचवें बड़े मंगल पर शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और मंदिर परिसर जय श्रीराम व बजरंगबली के जयकारों से गूंजते रहे।
शहर के अलीगंज प्राचीन हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु, पुराने हनुमान मंदिर, हनुमंतधाम, गुलाचीन, लेटे हनुमान मंदिर और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए और कई जगह भक्त झूमते दिखे। भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़े-बड़े कूलर लगाए गए। लेटे हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के दौरान मुख्य पुजारी ने एक साथ 51 नारियल फोड़े और भगवान बजरंगबली को 56 भोग अर्पित किए गए। महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। दोपहर बाद शहरभर में भंडारों का आयोजन शुरू होने की तैयारी है। नगर निगम के अनुसार इस बार एक हजार से अधिक भंडारे लगाए जाएंगे। करीब 330 लोगों और संस्थाओं ने भंडारे के लिए पंजीकरण कराया है। नगर आयुक्त ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पंजीकृत भंडारों के स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर सफाई व्यवस्था कराई जाएगी।
