लखनऊ नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी सुविधा देते हुए कल्याण मंडपों और सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग सेवा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था का उद्घाटन जोन-1 स्थित झंडेवाला पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया, जहां करीब ₹29.62 करोड़ की लागत से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण भी हुआ।
कार्यक्रम में मेयर सुषमा खर्कवाल ने कुल 456 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण, नालियों की मरम्मत, पार्कों का सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं।
इस मौके पर मेयर ने कल्याण मंडपों और सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए पोर्टल का लिंक भी लॉन्च किया। अब शहरवासी घर बैठे ही इन केंद्रों की उपलब्धता देख सकेंगे और आसानी से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इसके लिए नागरिक नगर निगम लखनऊ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
अपने संबोधन में मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि ₹2962.60 लाख की लागत से पूरी हुई ये 456 परियोजनाएं सिर्फ विकास कार्य नहीं, बल्कि लखनऊ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी होने के साथ-साथ तेजी से विकसित हो रहा आधुनिक शहर भी है, इसलिए विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
महापौर ने इस उपलब्धि का श्रेय नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, इंजीनियरों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
लखनऊ में कल्याण मंडपों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 456 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
