कुरान पर गलत टिप्पणी करने वाले वसीम रिजवी पर पुलिस क्यों मेहरबान : मौलाना कल्बे जवाद

(कैसर आलम)
कुरान पर गलत टिप्पणी करने वाले वसीम रिजवी पर पुलिस क्यों मेहरबान : मौलाना कल्बे जवाद
लखनऊ, 24 जून। मौलाना कल्बे जवाद के कभी साथ रहने वाले शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी से अलग होने के बाद वसीम व कल्बे जवाद एक दूसरे पर लगातार आरोप पर आरोप लगाते आ रहे है। मौलाना कल्बे जवाद ने आज अपने चौक स्थित आवास पर प्रेस कांफ्रेंस करके वसीम रिजवी पर आरोप लगाये कि वसीम ने विगत दिनोंपहले कुरान को लेकर के गलत टिप्पणी करके देश का माहौल खराब करने की कोशिश की थी। जिसकी शिकायत पुलिस में की गयी थी लेकिन अब तक वसीम पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
पुलिस का रूख देखकर के यह लगता है कि पुलिस का वसीम रिजवी को संरक्षण प्राप्त है। मौलाना कल्बे जवाद ने कहा कि जब बसपा सरकार थी तो नसीमुद्दीन सिद्दीकी का चमचा बनकर यह पार्टी में अपनी अच्छी पैठ बनाकर बचता रहा। जब सपा सरकार आयी तो बसपा छोड़कर आजम खां की गोदी में बैठ गये। और कहा कि आजम खां के इतने करीब हो गये कि हेलीकाप्टर में अकेले साथ घूमने लगे। जब भाजपा सरकार आयी तो भाजपा को खुश करने के लिए भाजपा के समर्थन में बयानबाजी करने लगे। कुरान पर गलत टिप्पणी करने को लेकर वसीम को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। यह भी एक सवालिया निशान है और दूसरा मुद्दा उठाया कि शिया वक्फ बोर्ड के चुनाव को दोबारा सरकार करवाये क्योंकि वसीम रिजवी पर दर्जनों मुकदमें दर्ज है, लेकिन यह फिर भी वक्फ बोर्ड में मेम्बर बन गये। मौलाना कल्बे जवाद ने कहा कि वसीम के ऊपर आलाधिकारियों का हाथ है जिसकी वजह से पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं कर रही है और कहा कि अगर वसीम पर कोई कार्यवाही नहीं हुई तो शिया-सुन्नी उलेमा हजरतगंज से अपनी गिरफ्तारी देंगे। गौरतलब है कि 2022 में यूपी विधान सभा चुनाव करीब आ रहा है अब देखना यह है कि सरकार मौलाना कल्बे जवाद की बात पर कितना गौर करेगी।