
लखनऊ। आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ में एक नवनिर्मित दीर्घा ‘‘स्पोर्ट्स एण्ड फिटनेस’’ का लोकार्पण आज मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्ता भाटिया, महापौर लखनऊ द्वारा किया गया। इस विशेष दीर्घा के उद्घाटन के उपरान्त भाटिया ने दीर्घा में स्थापित प्रत्येक प्रदर्श को बारीकी से अवलोकन किया तथा प्रत्येक प्रदर्श की उपयोगिता के बारे में केन्द्र के परियोजना समायोजक डा0 राज मेहरोत्रा द्वारा बड़े ही रोचक ढंग से व्याख्या की गई।
अपने संबोधन में संयुक्ता भाटिया ने बताया कि खेल और फिटनेस विषय पर आधारित इस विशेष दीर्घा को देखकर मै अत्यंत खुश हूँ क्यों की यह एक ऐसा विषय है की जो हमें काफी हद तक स्वस्थ रख सकता है। इस उपलब्धि पर सबसे पहले मैं आंचलिक विज्ञान नगरी एवं राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद् और उनके सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देती हूँ। हमें फिटनेस को अपने परिवार, समाज और देश की सफलता का मानक बनाना होगा। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है और भारत सरकार के खेल मंत्रालय के अलावा मानव संसाधन विकास मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय आपसी तालमेल से इसमें अहम भूमिका निभा रहे है। सामाजिक, आर्थिक विकास के आधुनिक मॉडल ने जीवन में सुविधाएं बढ़ाई हैं लेकिन मनुष्य के स्वास्थ्य पर भारी संकट भी पैदा कर दिया है। उपलबध जानकारी के अनुसार आज महज 10 प्रतिशत लोग ही कसरत करते हैं। लोगों का समय टीवी देखने एवं मोबाइल सर्फिंग में ज्यादा गुजरता है। जाहिर है, अगर देश को फिट रखना है तो यह मिजाज बदलना होगा। हमें सुबह के घूमने, दौड़ने, जिम (व्यायामशाला) में व्यायाम करने या अन्य शारीरिक गतिविधियों का शरीर के कार्यकरण को ठीक से कार्य कराने के साथ ही मांसपेशियों में सुधार करने के समय का आनंद लेना चाहिए।

इस अवसर पर डा0 सी0एम0नौटियाल, सलाहकार-इंसा, नई दिल्ली एवं सदस्य स्थानीय सलाहकार समिति, आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं से वरिष्ठ वैज्ञानिकगण बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अध्यापक एवं आम जनमानस उपस्थित थे।